जयपुर, 3 जनवरी। श्री भोमिया जी महाराज एवं गुरु गोरखनाथ धाम, लक्ष्मीनारायणपुरा में महंत लक्ष्मी नारायण गिरी महाराज के सानिध्य में विशाल शिव-शक्ति महायज्ञ का आयोजन संपन्न हुआ। इस महायज्ञ में 15 लाख रुद्रयाग एवं दुर्गा सप्तशती की आहुति दी गई, साथ ही पूर्णाहुति के साथ इसे सफलतापूर्वक समाप्त किया गया।
धाम के प्रवक्ता बाबूलाल शर्मा और महायज्ञ मुख्य यजमान हरफूल मीणा ने बताया कि प्रातः नर्वदेश्वर महादेव की स्थापना कर महंत लक्ष्मी नारायण गिरी महाराज ने संत, ऋषि-मुनि, विद्वान पंडितों और यजमानों के साथ गौ माता के वंदन मंडप के चारों ओर परिक्रमा की। इस दौरान हजारों श्रद्धालु यज्ञ में भाग लेकर आहुति देने के लिए परिक्रमा में शामिल हुए। यज्ञचार्य ओम शर्मा और सत्यनारायण शर्मा ने मंत्र जाप करवा कर धार्मिक विधियों का संचालन किया। महायज्ञ में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने विश्व कल्याण, जन कल्याण, गौ रक्षा और देश में अमन-चैन बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस महायज्ञ में लगभग 20 हजार श्रद्धालु शामिल हुए और महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त किया। महा आरती के बाद अनेक महात्माओं और गणमान्य व्यक्तियों का महंत लक्ष्मी नारायण गिरी महाराज ने स्वागत किया। दिनभर भंडारे में प्रसाद वितरण चलता रहा और स्थानीय लोग भी प्रसादी ग्रहण करते रहे। इस अवसर पर विधायक प्रशांत शर्मा, विधायक गोपाल मीणा, उप जिला प्रमुख मोहन डागर, ओम प्रकाश शर्मा, कमल सैनी, राकेश सैनी, सुनील सैनी, लालाराम मीणा सहित सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे।धाम के पुजारी नांचू लाल सैनी, मोती लाल सैनी, भगवान सहाय सैनी समेत अन्य प्रमुख भक्तों ने भी महायज्ञ में सक्रिय भागीदारी निभाई।
