जयपुर, 18 अगस्त | जलदाय विभाग जयपुर शहर के तकनीकी कर्मचारियों की मांगों पर अधिकारियों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं करने के विरोध में 25 अगस्त 2025 को राजस्थान वॉटर वर्क्स कर्मचारी संघ के जयपुर जिला अध्यक्ष सहीदउद्दीन के नेतृत्व मे अतिरिक्त मुख्य अभियंता पीएचईडी क्षेत्र 2ND जयपुर सुधांशु दीक्षित के कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन करेंगे। महामंत्री बनवारी लाल सैनी ने बताया कि जयपुर शहर के अधीन कार्यरत तकनीकी कर्मचारियों की वरिष्ठता सूची जारी करवाने, नियमित कर्मचारियों की डीपीसी करवा कर पदोन्नति करवाने, कार्य प्रभारित कर्मचारियों के 9,18, 27, वर्ष की सेवा पूर्ण करने के बाद पदनाम परिवर्तन करते हुए सेवा पुस्तिका में इंद्राज करवाने, श्रमिक आवास एवं जर्जर पंप हाउस की मरम्मत करवाने, सरकारी आवासो पर बाहरी व्यक्तियों द्वारा किये गये अतिक्रमण खाली कराने सहित अन्य मांगों को लेकर समस्त अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सोपा गया था ।
ज्ञापन के दौरान कई अधिशासी अभियंताओं से वार्ता भी हुई लेकिन परिणाम शून्य रहा, जिला अध्यक्ष सहीदउद्दीन ने बताया कि अधिशासी अभियंताओं को मांगों के साथ ही अतिरिक्त मुख्य अभियंता जयपुर सुधांशु दीक्षित को भी कई प्रकरणों की जांच हेतु ज्ञापन सौंपा गया परंतु उन पर भी आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई जिससे जयपुर शहर के कर्मचारियों में काफी आक्रोश है । आक्रोशित कर्मचारियों ने सर्वसम्मति से 25 अगस्त 2025 को प्रातः 11:00 बजे अतिरिक्त मुख्य अभियंता कार्यालय गांधीनगर जयपुर पर विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है।
