जयपुर, 8 मई | राजस्थान वॉटर वर्क्स कर्मचारी संघ के संस्थापक, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष एवं वरिष्ठ कर्मचारी नेता स्व. ईश्वर चंद्र शर्मा की चतुर्थ पुण्यतिथि के अवसर पर आज संघ के प्रधान कार्यालय, ज्योति नगर, जयपुर में एक भव्य श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से सैकड़ों कर्मचारी नेताओं और जलदाय विभाग के कर्मियों ने भाग लेकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि सभा के दौरान कर्मचारियों की भावनाएं उमड़ पड़ीं। सभी ने एक स्वर में स्व. शर्मा जी के अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया — जिसमें प्रमुख रूप से जलदाय विभाग में तकनीकी कर्मचारियों की नई भर्ती की मांग शामिल रही।
संघ के प्रवक्ता बाबूलाल शर्मा ने जानकारी दी कि स्व. ईश्वर चंद्र शर्मा जी ने 2012 में राजस्थान वॉटर वर्क्स कर्मचारी संघ की स्थापना की थी। अपने अध्यक्षीय कार्यकाल के दौरान उन्होंने कर्मचारियों की भलाई के लिए अनेक आंदोलनों का नेतृत्व किया। नई तकनीकी कर्मचारियों की भर्ती, समय पर पदोन्नति, वेतन विसंगति निवारण, ठेका प्रथा के विरोध और स्थायीकरण जैसे मुद्दों को लेकर वे सरकार के समक्ष लगातार संघर्षरत रहे। वर्ष 2015 में जब सरकार ने उनकी मांगों की अनदेखी की, तब उन्होंने आमरण अनशन किया। तत्कालीन जलदाय मंत्री श्रीमती किरण माहेश्वरी ने स्वयं उनका अनशन तुड़वाया और अधिकांश मांगों को स्वीकार किया, लेकिन उनका सबसे बड़ा सपना — जलदाय विभाग में तकनीकी कर्मचारियों की नियमित भर्ती — आज भी अधूरा है।
प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप यादव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि स्व. ईश्वर चंद्र शर्मा का सपना था कि जलदाय विभाग में कुशल तकनीकी कर्मचारियों की भर्ती हो ताकि विभाग की योजनाएं प्रभावी रूप से लागू हो सकें। 1992 के बाद से विभाग में कोई नियमित तकनीकी भर्ती नहीं हुई। आज भी विभाग में स्टाफ की भारी कमी है, जिससे योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। हम सभी कर्मचारी यह संकल्प लेते हैं कि शर्मा जी का यह अधूरा सपना हम हर हाल में पूरा करवाएंगे। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि अगर जुलाई माह तक विभाग में तकनीकी कर्मचारियों की नई भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, तो राज्यव्यापी आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान गजेन्द्र सिंह राठौड़ (अध्यक्ष, एकीकृत महासंघ), कुलदीप यादव (प्रदेशाध्यक्ष), बाबूलाल शर्मा (प्रवक्ता), मोहनलाल शर्मा (महामंत्री), देवेंद्र सिंह नरूका (महासंघ वरिष्ठ उपाध्यक्ष), महेन्द्र सिंह शेखावत (उपाध्यक्ष), जय सिंह मीणा, मधुबाला शर्मा (महिला अध्यक्ष, आंगनबाड़ी), मदन चौधरी, भंवर पूनिया, ओमप्रकाश चौधरी, मान प्रकाश सैनी, नरेंद्र कुमार शर्मा, सुरेश शर्मा, गोकुल सिंह सहित, कैलाश चंद शर्मा, विजय सिंह, अमर चंद, राजेन्द्र कुमार, विजय शर्मा, दीनदयाल, सत्यम अग्रवाल, हीरानंद, गोबिंद सहित अनेक वरिष्ठ कर्मचारी नेता एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन दो मिनट के मौन एवं स्व. श्री ईश्वर चंद्र शर्मा जी के अधूरे सपनों को साकार करने” के संकल्प के साथ हुआ।