जयपुर 7 मार्च। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ एकीकृत तथा राजस्थान राज्य कर्मचारी संघ ने सरकार से पदोन्नति हेतु अनुभव एवं सेवा विधि में 2 वर्ष की छूट का लाभ सभी कार्मिकों को दिए जाने की मांग की है। आज मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री, मुख्य सचिव एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त को एक शिष्टमंडल ने ज्ञापन देकर यह मांग की।
अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ एकीकृत के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया की बजट घोषणा में ऐसे कर्मचारियों को पदोन्नति में छूट से वंचित किया गया है जिन्होंने पूर्व में पदोन्नति में अनुभव अथवा सेवा अवधि में छूट का लाभ लिया हो, लेकिन इससे पदोन्नति के बहुत सारे पद रिक्त रह जाएंगे और इसका नुकसान कनिष्ठ कर्मचारियों को होगा। पदोन्नति के पद रिक्त रहने से कार्यालय कार्य तो प्रभावित होगा ही, रिक्त पदों का कार्य भी मौजूद कर्मचारियों को करना पड़ेगा। इससे कर्मचारियों में संतोष व्याप्त है।
राजस्थान राज्य कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेश पारीक एवं प्रदेश महामंत्री देवेंद्र सिंह नरूका ने संयुक्त रूप से मांग की है कि जब सरकार ने मंत्रालयिक सहित अनेक संवर्गों में पदोन्नति के अवसर बढ़ाने की घोषणा की है तो पदोन्नति की नव सृजित पदों को भरने के लिए भी छूट का लाभ दिया जाना आवश्यक है अन्यथा पदोन्नति के नवीन पदों का कर्मचारियों को कोई लाभ नहीं मिलेगा। इसके अतिरिक्त फीडर पोस्ट के पद रिक्त नहीं हो पाएंगे जिससे नई भर्तियां में कम रिक्त पदों पर भर्तियां निकलेगी और बेरोजगार युवाओं को भी इसका नुकसान होगा। शिष्टमंडल में गजेंद्र सिंह राठौड़, राजेश पारीक, देवेंद्र सिंह नरूका, शेर सिंह यादव सहित अनेक कर्मचारी नेता शामिल रहे।