जयपुर, 13 जून। मिनी स्वास्थ्य भवन स्थित सीएमएचओ कार्यालय जयपुर प्रथम के जिला औषधि भंडार में आईआईएचएमआर संस्थान के छात्रों ने विजिट की और औषधि भंडार की कार्यप्रणाली के विषय मे विस्तार से जानकारी प्राप्त की। इस मौके पर कार्यकारी निदेशक, आरएमएससीएल (लॉजिस्टिक्स) डॉ. कल्पना व्यास उपस्थित रहीं। विजिट के दौरान फार्मासिस्ट विनोद ने आईआईएचएमआर स्टूडेंट्स को औषधि भंडार की समस्त कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को दवा की गुणवत्ता की पहचान करने के तरीकों के बारे में बारीकी से जानकारी दी। साथ ही दवाइयों की मांग व आपूर्ति की ढांचागत संरचना को भी आसान शब्दों में समझाया। भंडार परिसर में विजिट के दौरान छात्र काफी उत्साहित नज़र आए। वे सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासा शांत करते दिखाई दिए। छात्रों के पूछे गए प्रश्नों के अंतर्गत उन्हें समय समय पर चिकित्सा संस्थानों पर दवाईयों को भेजने का तरीका बताया गया। साथ ही अनुपयोगी/तिथि बाह्य दवाओं के निस्तारण की क्रियाविधि भी समझाई गई। उन्हें बताया गया कि डिमांड के अनुसार ही दवाओं की सप्लाई की जाती है।


छात्रों को बताया गया कि औषधि भंडार में दवाओं की आपूर्ति कम होने और ब्लॉक चिकित्सा संस्थान स्तर से डिमांड प्राप्त होने पर राज्य स्तर पर जिले की डिमांड प्रेषित की जाती है। दवाइयों के रखरखाव समेत नियमित रूप से दवाओं की उपलब्धता की निगरानी सुनिश्चित की जाती है। इस संबंध में स्टूडेंट्स को ई-औषधि सॉफ्टवेयर के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। सॉफ्टवेयर में उन्हें दवाइयों के इंद्राज व डिमांड जनरेट की विधि से अवगत कराया गया। इस मौके पर (डीपीसी) औषधि भंडार, जयपुर प्रथम, डॉ. सुमेर घई उपस्थित रहे।
