जयपुर 13 फरवरी | पूर्व मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास ने आज संवाददाताओं से वार्ता करते हुए कहा कि किसान आंदोलन में किसानों के ऊपर खुलेआम गोलियां चलाकर, आंसू गैस छोड़कर, केंद्र की भाजपा सरकार किसानों के साथ इस तरह व्यवहार कर रही है, जैसे आतंकवादी देश में घुस आये हों। खाचरियावास ने कहा कि देश का किसान अपनी वाजिब मांगों को लेकर दिल्ली कूच कर रहा है। कटीले तार लगाकर, कीले लगाकर, सीमेंट की बडी-बडी दीवार बनाकर, गोलियां चलाकर, किसानों को रोका जा रहा है। सरकार जितना पैसा किसानों को रोकने में लगा रही है उतना पैसा यदि किसानों की मांगों को पूरा करने में लगा दे तो किसानों की सभी मांगें मंजूर की जा सकती है।
खाचरियावास ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों के आंदोलन का समर्थन करती है, हम किसानों के साथ हैं। यदि केंद्र की भाजपा सरकार ने किसानों पर जुल्म बंद नहीं किया तो कांग्रेस पार्टी सड़कों पर उतरकर किसानों की मदद करेगी। खाचरियावास ने कहा कि किसानों के आंदोलन से भाजपा सरकार की पोल खुल गई है। देश का अन्नदाता किसान परेशान है। किसानों को खुलेआम गोलियां मारी जा रही है, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, यूपी के किसानों के बेटे सेना में सैनिक बनकर देश की रक्षा कर रहे हैं और दिल्ली में किसानों को घुसने से रोकने के लिये किसानों पर लाठी-गोली चलाई जा रही है। खाचरियावास ने कहा कि किसानों पर गोलियां चलाकर उन्हें गिरफ्तार करके केन्द्र सरकार किसानों के आंदोलन को दबाना चाहती है लेकिन इससे पूरे देश में आक्रोश है और यह आक्रोश भाजपा सरकार के अन्त का रास्ता बनेगा।