टोंक| कांग्रेस की ओर से राज्य विधानसभा चुनावी समर का बिगुल बज चुका है। राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा 10 सितंबर को टोंक जिले के निवाई में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद चुनावी सभा को संबोधित करेंगी । इस बार कांग्रेस सचिन पायलट के ‘गढ़’ टोंक से एक बार फिर बड़ा चुनावी प्रचार का आगाज करने जा रही है। प्रियंका गांधी की इस चुनावी सभा को विधानसभा चुनाव नजदीक होने के चलते काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके पीछे कांग्रेस प्रियंका की चुनावी सभा के माध्यम से समीपस्थ कई जिलों की विधानसभाओं की राजनीतिक समीकरणों पर अपनी पकड़ को और मजबूत करना चाह रही हैं। गांधी की सभा को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओ में जमकर उत्साह देखने को मिल रहा है। वहीं इस चुनावी सभा को लेकर कांग्रेस की ओर से तैयारियां भी जोरों पर है। उधर, टोंक जिला प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट होकर तैयारी में जुट गया है।
10 सितंबर को कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी निवाई आएंगी। इस दौरान प्रियंका गाँधी का ‘इंदिरा गांधी स्मार्टफोन योजना’ के तहत महिलाओं को स्मार्टफोन का वितरण का कार्यक्रम रहेगा । इसके अलावा गाँधी ‘इंदिरा ग्रामीण रसोई’ का झिलाय गांव में भी शुभारंभ करेंगी। इसके बाद प्रियंका विवेकानंद मॉडल स्कूल निवाई में जनसभा को संबोधित करेंगी। गांधी की सभा को लेकर टोंक जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ चुका है। इसको लेकर स्थानीय प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी है। वहीं कांग्रेसी नेता प्रियंका गांधी की सभा को लेकर काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।
प्रियंका की सभा से चार विधानसभाओं पर पड़ेगा प्रभाव
पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट के ‘गढ़’ टोंक की निवाई विधानसभा में होने वाली प्रियंका गांधी की सभा काफी अहम मानी जा रही है। आने वाले विधानसभा चुनाव के देखते हुए निवाई में प्रियंका गांधी की चुनावी सभा करना करने के पीछे कांग्रेस के विशेष रणनीति का हिस्सा है। इससे कांग्रेस टोंक जिले की टोंक, निवाई, देवली-उनियारा, टोड़ा-मालपुरा समेत चार विधानसभाओं, सवाई माधोपुर, दौसा, जयपुर, अजमेर, शाहपुरा, केकड़ी समेत जिलों की विभिन्न सीटों पर अपनी पकड़ को और मजबूत करना चाहती है।