मथुरा। वृंदावन के बांके बिहारी मंदिर में रविवार को आस्था का जनसैलाब उमड़ा है। आलम यह है कि लाखों श्रद्धालुओं की वजह से मंदिर के सभी रास्ते ब्लॉक हो गए हैं। 2 किलोमीटर लंबी लाइन लग गई है। यही नहीं, भक्तों को 100 मीटर आगे बढ़ने में 2 घंटे से ज्यादा का वक्त लग रहा है। स्थिति यह है कि शहर के लोग घरों में कैद हो गए हैं।
दरअसल आज छुट्टी का दिन है ज्यादातर सरकारी और प्राइवेट ऑफिस बंद है। इसलिए लोग अपने परिवार के साथ मथुरा पहुंचे हैं। यहां शनिवार शाम से ही भक्तों का रेला मंदिर आना शुरू हुआ था। रात में भी सड़कों पर 5 किलोमीटर लंबा जाम लग गया था। तड़के 3 बजे भक्त मंदिर के पास जुटना शुरू हो गए थे। सुबह 7:30 बजे जैसे ही मंदिर खुला तो भक्तों की लाइन लग गई।
