जयपुर, 20 नवम्बर । राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान में भैषज्य बोध कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के प्रो. अजय कुमार शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने अपने मार्गदर्शन एवं दूरदर्शी विचारों से विद्यार्थियों और शोधार्थियों को आयुर्वेद के शैक्षणिक एवं व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराया। कार्यक्रम में श्री धन्वंतरि हर्बल्स के अध्यक्ष डॉ. जे.पी. सिंह एवं शालाक्य तंत्र विभागाध्यक्ष प्रो. शम्सा फियाज़ ने भी अपने विचार व्यक्त किए। तकनीकी सत्रों में एच.पी. त्रिपाठी ने शास्त्रीय आयुर्वेदिक योगों का प्रदर्शन किया, वहीं उमेश सिंह ने विभिन्न आयुर्वेदिक उत्पादों की जानकारी दी।
इस अवसर पर आयुष मार्क योजना के वरिष्ठ मूल्यांकनकर्ता एवं तकनीकी विशेषज्ञ डॉ. नवीन कुमार गर्ग ने गुणवत्ता मूल्यांकन, मानकीकरण एवं प्रमाणन विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान दिया। उन्होंने आयुर्वेदिक औषधियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, उनके मानकीकरण तथा प्रमाणन की प्रक्रिया के विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम का आयोजन श्री धन्वंतरि हर्बल्स, अमृतसर के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम के अंत में रसशास्त्र एवं भैषज्य कल्पना विभाग के प्रोफेसर डॉ. संजय अग्रवाल ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को आयुर्वेदिक औषधियों के निर्माण, गुणवत्ता आश्वासन, मानकीकरण और औषधि उद्योग की व्यावहारिक कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिला। इस तरह के आयोजन आयुर्वेद शिक्षा को उद्योग की व्यावहारिक आवश्यकताओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
