जयपुर,17 नवम्बर । राजस्थान मेडिकल काउंसिल ने फर्जी एमबीबीएस डिग्री के आधार पर पंजीयन कराने के मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए संदीप चौधरी का पंजीयन तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है।
रजिस्ट्रार डॉ. गिरधर गोयल ने बताया कि संदीप चौधरी राजस्थान मेडिकल काउंसिल में आरएमसी-60417 क्रमांक से दिनांक 1 मार्च 2023 को पंजीयन किया गया था। पंजीयन के दौरान संबंधित व्यक्ति ने पंडित बी.डी. शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, रोहतक से एमबीबीएस उत्तीर्ण होना बताया था। उन्होंने बताया कि पंजीयन से संबंधित दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान संदेह होने पर काउंसिल ने विश्वविद्यालय एवं हरियाणा मेडिकल काउंसिल से तथ्यात्मक जानकारी मांगी गई।
सत्यापन के दौरान पंडित बी.डी. शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, रोहतक के अधीक्षक (परीक्षा) ने पत्र के माध्यम से स्पष्ट किया कि संदीप चौधरी के नाम से एमबीबीएस की योग्यता विश्वविद्यालय में पंजीकृत नहीं है तथा संबंधित डिग्री विश्वविद्यालय द्वारा जारी नहीं की गई है। इसी प्रकार हरियाणा मेडिकल काउंसिल, पंचकूला ने भी स्पष्ट किया कि संबंधित व्यक्ति को इस काउंसिल द्वारा अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी नहीं किया गया है तथा प्रस्तुत दस्तावेज फर्जी हैं। रिपोर्ट के आधार पर राजस्थान मेडिकल काउंसिल ने संदीप चौधरी का पंजीयन क्रमांक आरएमसी-60417 दिनांक 1 मार्च 2023 तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है।