जयपुर, 8 अक्टूबर । आम आदमी पार्टी राजस्थान ने आगामी पंचायत राज चुनाव 2026 को लेकर अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने जारी पहली सूची में कुल 60 प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं, जिनमें 15 जिला परिषद एवं 45 पंचायत समिति प्रत्याशी हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में आम आदमी पार्टी राजस्थान के प्रदेश महासचिव संगठन विश्वेन्द्र सिंह ने पहली सूची जारी करते हुए कहा कि पार्टी आगामी पंचायत राज चुनाव पूरे प्रदेश में संगठनात्मक तैयारी और जन सरोकार के मुद्दों के साथ लड़ने जा रही है। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर मजबूत और जवाबदेह नेतृत्व खड़ा करना पार्टी की प्राथमिकता है।
विश्वेन्द्र सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी का उद्देश्य गांव, ढाणी और पंचायत स्तर तक ऐसी राजनीति को मजबूत करना है, जिसमें पारदर्शिता, जवाबदेही, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और स्थानीय विकास जैसे मुद्दे प्रमुख हों। उन्होंने कहा कि पंचायत राज संस्थाएं ग्रामीण विकास की आधारभूत इकाई हैं और इन्हें मजबूत किए बिना प्रदेश के समग्र विकास की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने बताया कि पार्टी आने वाले दिनों में अपने संगठन को और सक्रिय करते हुए प्रदेश के अधिक से अधिक क्षेत्रों में प्रत्याशी मैदान में उतारेगी। पहली सूची के बाद पंचायत स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को और गति दी जाएगी तथा स्थानीय कार्यकर्ताओं और जनता के साथ संवाद को मजबूत किया जाएगा। इस दौरान प्रदेश मीडिया प्रभारी डॉ. सुनील धायल, जयपुर जिला अध्यक्ष अमित दाधीच, सुनील अग्रवाल एवं राशिद हसन सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
