जयपुर, 6 अक्टूबर। सार्वजनिक स्थानों पर नगर निगम जयपुर के लोगो वाले बोर्ड लगाए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। पूर्व पार्षद एवं पूर्व चेयरमैन मनोज मुद्गल ने कुछ स्थानों पर ऐसे बोर्ड लगाए हैं, जिन पर नगर निगम का लोगो इस्तेमाल किया जा रहा है। जनता ने नगर निगम प्रशासन से इन बोर्डों को अतिशीघ्र हटाने की मांग की है, ताकि आम लोगों में किसी तरह का भ्रम पैदा न हो। लोगों का कहना है कि संबंधित व्यक्ति वर्तमान में नगर निगम में किसी निर्वाचित या अधिकृत पद पर नहीं है। ऐसे में नगर निगम की संपत्ति अथवा नगर निगम के लोगो का इस्तेमाल करते हुए बोर्ड लगाए जाना सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा कि पूर्व जनप्रतिनिधि होने मात्र से कोई व्यक्ति नगर निगम के नाम, लोगो या संपत्ति का अपने स्तर पर इस्तेमाल नहीं कर सकता। गौरतलब है कि संबंधित व्यक्ति ने इस बार नगर निगम चुनाव निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में लड़ा था, लेकिन उसे हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद अब सार्वजनिक जगहों पर नगर निगम के लोगो वाले बोर्ड लगाए जाने को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लोगो ने निगम प्रशासन से मामले की जांच करवाकर ऐसे सभी बोर्डों को तत्काल हटाने और नगर निगम के लोगो के अनधिकृत इस्तेमाल पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि नगर निगम की पहचान और प्रतीक चिह्न का इस्तेमाल केवल अधिकृत कार्यों में ही होना चाहिए, ताकि जनता किसी व्यक्ति को नगर निगम का अधिकृत प्रतिनिधि न समझे।
